बर्फबारी का नजारा देखने के लिए रविवार को पर्यटन नगरी धनोल्टी और काणाताला क्षेत्र बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे, लेकिन पर्यटकों को चंबा-धनोल्टी मार्ग पर सुबह से लेकर अपराह्न तक जाम की समस्या से जूझना पड़ा। बर्फ के ऊपर पाला गिरने से वाहन रपटने के कारण बार-बार मार्ग पर जाम लगता रहा। जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन को बुरांशखंडा और कद्दूखाल में बैरियर लगाकर वाहनों को रोकना पड़ा।
शनिवार को धनोल्टी और काणाताला क्षेत्र में बर्फबारी की सूचना पर रविवार को देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश सहित अन्य स्थानों से भारी संख्या में पर्यटकों का हुजूम धनोल्टी की तरफ उमड़ पड़ा, लेकिन बर्फ के ऊपर पाला गिरने के कारण चंबा-धनोल्टी सड़क पर फिसलन की समस्या खड़ी हो गई। पाले के कारण सड़क पर वाहन रपटने लगे, जिससे सुबह से लेकर अपराह्न एक बजे से चंबा-धनोल्टी मार्ग पर बार-बार जाम लगता रहा। सुरक्षा की दृष्टि से पर्यटकों के वाहनों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को कद्दूखाल और बुरांशखंडा में बैरियर लगाना पड़ा।
सड़क मार्ग पाला और बर्फ हटाने के बाद अपराह्न दो बजे चंबा-धनोल्टी मार्ग पर वाहनों की विधिवत आवाजाही शुरू हुई। तब जाकर वहां फंसे पर्यटकों ने राहत की सांस ली। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि अपराह्न बाद चंबा-धनोल्टी मार्ग पर वाहन सामान्य रूप से संचालित हो रहे है।