कोरोना संकट को देखते हुए श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध महाविद्यालयों के आगामी सत्र 2020-21 में नए सत्र और अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी। बृहस्पतिवार (आज) मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में नए सत्र और अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा संचालन सहित कई महत्वपूर्ण मामलों पर विचार विमर्श किया जाएगा।
कोविड-19 के चलते श्रीदेव सुमन विवि को परीक्षा संचालन और नए शिक्षा सत्र में प्रवेश संबंधी सभी निर्णयों के लिए सरकार की गाइड लाइन का इंतजार करना पड़ रहा है। मंगलवार को यूजीसी की ओर से यूजी और पीजी के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं सितंबर तक कराने की हरी झंडी मिल गई थी, लेकिन विवि से संबद्ध कई महाविद्यालयों में क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं, जिससे विवि के समक्ष परीक्षा केंद्रों को लेकर दुविधा की स्थिति बनी हुई है। कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने बताया कि नए शिक्षा सत्र और परीक्षाओं को लेकर तैयारियां कर दी हैं। हालांकि कोरोना संकट को देखते हुए राज्य सरकार के दिशा-निर्देश के बाद कार्यक्रम को फाइनल रूप दिया जाएगा।