पुलिस व तहसील प्रशासन की टीम नदी के किनारे रहने वाले को किया सतर्क
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक में हो रही बारिश से भिलंगना व बालगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लग गया है। पुलिस व तहसील प्रशासन की टीम की ओर से नदी और नालों के किनारे रह रहे लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
आपदा की दृष्टि से संवेदनशील भिलंगना में बारिश से नदी नाले उफान पर आ गए है। शनिवार रात व रविवार सुबह बारिश से लाटा, सीताकोट, जगदीशिला हिंदाव, सीताकोट भटगांव सड़क पर पहाड़ी से मलबा व बोल्डर आने से सड़क बाधित हो गई। लोक निर्माण विभाग घनसाली ने मौके पर जेसीबी को भेजकर सड़क खोलने का कार्य करवाया।
घनसाली थाना पुलिस घनसाली व चमियाला बाजार में मुनादी कर लोगों से नदी में के पास न जाने की सलाह दी है। साथ ही नदी के आसपास रहने वाले लोगों को जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा है। घनसाली एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि भिलंगना ब्लॉक आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है। इसके लिए एसडीआरएफ, क्यूआरटी टीम, राजस्व उप निरीक्षकों के साथ अन्य विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है। संवाद