बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर जताई आपत्ति, स्थानीय फर्म को काम देने की मांग
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर डीएससी (डिजिटल सिग्नेचर) विभाग से ही बनाने की अपील की। कहा कि वर्तमान में ग्राम प्रधानों को स्वयं के संसाधनों से डीएससी बनाने के आदेश जारी किए गए हैं जबकि पूर्व में विकास विभाग बनाकर देता था।
एक डीएससी बनाने में तीन हजार तक खर्च करने पड़ रहे हैं। यह धनराशि भी ग्राम प्रधान स्वयं के संसाधनों से खर्च करेंगे जिस फर्म को डीएससी बनाने का ठेका दिया है वह हरिद्वार के नारसन की है जबकि भिलंगना के घनसाली सहित आसपास के क्षेत्र में भी कई सक्षम एजेंसी डीएससी बना रही है। ऐसे में पहले तो विभाग स्वयं डीएससी बनाकर दे अन्यथा यह कार्य स्थानीय फर्म को दिया जाए।
बीडीओ विपिन नेगी ने ज्ञापन उच्चाधिकारियों को अग्रसारित किया है। ज्ञापन पर कफोल गांव के प्रधान राजेंद्र परमार, धनसाणी की प्रधान प्रभा देवी, कृष्ण स्वरूप के हस्ताक्षर हैं। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी ने इस बाबत डीएम और सीडीओ से वार्ता करने सहित सरकार को अवगत कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय लोगों के रोजगार पर भी कुठाराघात है।