चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) को विवि की ओर से प्रकाशित उभरती कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीकें और उनके अनुप्रयोग विषय पर आधारित पुस्तक भेंट की। पुस्तक का संपादन कुलपति प्रो. जोशी, डॉ. गौरव वार्ष्णेय और प्रो. परवेज अहमद ने किया है।
पुस्तक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तेजी से विकसित हो रहे आयामों, नई उभरती तकनीकों और उनके विभिन्न क्षेत्रों में संभावित उपयोगों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। इस अवसर पर कुलपति प्रो. जोशी ने राज्यपाल को विवि की शैक्षणिक, तकनीकी और शोध संबंधी उपलब्धियों से भी अवगत कराया। राज्यपाल ने विवि की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। संवाद