श्रीदेव सुमन विवि : परीक्षा में लगभग 80 हजार छात्र-छात्राएं होंगे शामिल : कुलसचिव
नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन स्नातक और स्नातकोत्तर सम सेमेस्टर परीक्षा आयोजन की तैयारियों में जुट गया है। 20 मई से गढ़वाल मंडल के महाविद्यालयों में सम सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होगी। अगले एक सप्ताह के अंतर्गत विवि प्रशासन ने विषम सेमेस्टर स्नातक कक्षाओं का सभी रिजल्ट घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
विवि के कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार सम सेमेस्टर की परीक्षा मई माह में आयोजित की जानी है। परीक्षा शुरू करने के लिए विवि की ओर से 20 मई की तिथि प्रस्तावित की गई है। सम सेमेस्टर परीक्षा का कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्नातक स्तर पर बीए, बीएसी, बीकॉम और स्नातक स्तर पर एमए, एमएससी और एमकॉम द्वितीय, चतुर्थ और छठवें सेमेस्टर और व्यवसायिक पाठ्यक्रम के तहत आठ सेमेस्ट की परीक्षा आयोजित की जानी है। लगभग 80 हजार छात्र-छात्राएं सम सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होंगे। सम सेमेस्टर परीक्षा के सफल आयोजन के लिए राजकीय महाविद्यालयों के अलावा विवि से संबद्ध स्ववित्त पोषित कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारियां की जा रही है।
कुलसचिव चंद्रा ने बताया कि विषम सेमेस्टर पीजी कक्षाओं के सभी विषयों का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। स्नातक स्तर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। अगले एक सप्ताह के अंतर्गत स्नातक स्तर की सभी कक्षाओं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जाएगा। अंक तालिकाएं प्रिंट करने का कार्य चल रहा है। जल्द ही संबंधित महाविद्यालयों को अंकतालिका भेज दी जाएगी।