चौड़ाई 10 मीटर रखने और बीच सड़क से विस्तार करने की मांग उठाई
नई टिहरी। जौनपुर ब्लॉक के कैंपटी फाॅल बाजार में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई है। उद्योग व्यापार मंडल इकाई ने डीएम को ज्ञापन देकर व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखने की मांग करते हुए कुछ सुझाव दिए हैं।
कैंपटी फॉल उद्योग व्यापार मंडल इकाई की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए लोनिवि ने 26 फरवरी 2026 को एनएच-707 के किमी 146 पर सर्वे किया है। सर्वे में मुख्य बाजार कैंपटी के करीब 50 व्यापारियों की दुकानें प्रभावित होने की संभावना है। व्यापारियों का कहना है कि इनमें से अधिकांश दुकानें सरकार की ओर से पट्टे (लीज) पर दी गई जमीन पर बनी हुई हैं।
कैंपटी फॉल पर्यटन स्थल है। वहां हजारों लोगों की रोजी-रोटी इस बाजार से जुड़ी हुई है जिससे बाजार क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान व्यवसायियों के हितों का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि बाजार क्षेत्र में अभी 7-8 मीटर चौड़ी सड़क की चौड़ाई 14 मीटर के बजाय 10 मीटर रखने से बाजार के दोनों तरफ की दुकानों को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क का विस्तारीकरण बीच से किया जाता है तो दोनों तरफ की दुकानों को बचाया जा सकता है।
पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते यातायात को देखते हुए कैंपटी बाईपास मोटर मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है। व्यापारियों ने कहा कि समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकाला जाता है तो व्यापारी हर संभव सहयोग को तैयार हैं। ज्ञापन देने वालों में कैंपटी उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक नौटियाल, पूर्व प्रधान सुंदर सिंह, रमेश रौतेला, खजान सिंह सजवाण, महीपाल सजवाण, विजय सिंह, कमलेश नौटियाल, अनूप थपलियाल, सब्बल सिंह और कमल सिंह रावत आदि शामिल थे।