घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लाॅक में हो रही तेज बारिश से पुंडोली गांव का भेलगड्डी गदेरा उफान पर आ गया जिससे गदेरे में बनाया गया लकड़ी का पुल पानी के तेज बहाव के साथ बह गया। पुल बहने से ग्रामीणों का एकमात्र आवागमन का मार्ग बंद हो गया। इससे गदेरे के दूसरी ओर फंसी एक महिला को निकालने के लिए पुलिस और एसडीआरएफ का सहारा लेना पड़ा।
गांव के चंद्र सिंह और प्रधान संगठन के अध्यक्ष यशवंत गुसाईं ने बताया कि गांव की विजय लक्ष्मी पत्नी गबर सिंह बृहस्पतिवार सुबह गदेरे के दूसरी ओर छानी में पशुओं को चारा देने गई थी। सात बजे के करीब वापसी के दौरान देखा तो लकड़ी का पुल बह गया था। एसडीएम मंजू राजपूत ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के साथ वह मौके पर पहुंचे। बचाव टीम ने काफी मशक्कत के बाद रस्सी के सहारे महिला को सुरक्षित निकाल दिया। बचाव टीम में तहसीलदार हरीश जोशी, थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव, एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर गबर सिंह नेगी आदि शामिल थे। संवाद