खांन्सी बलाड़ी मोटर मार्ग पर डामरीकरण की लोग लंबे समय से कर रहे हैं मांग
आंदोलन के बाद भी नहीं हो रहा है समस्या का समाधान
नौगांव (उत्तरकाशी)। डेढ़ दशक पहले बने खांन्सी बलाड़ी मोटर मार्ग का आज तक डामरीकरण नहीं हो पाया है जिससे दोनों गांव के लोग मोटर मार्ग पर जोखिम भरी आवाजाही करने को मजबूर हैं। कच्ची सड़क पर डामरीकरण के लिए खांन्सी और बलाड़ी गांव के लोगों ने आंदोलन किया। लोगों में सरकार के खिलाफ आक्रोश है।
ग्राम प्रधान सूर्यपाल रावत ने बताया कि बरसात में आवाजाही करते समय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर बने गड्ढों पर वाहन फिसलने से दुर्घटना का डर बना रहता है। दोपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो जाती है। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीण नकदी फसलों को मंडी पहुंचाने के लिए भी परेशान रहते हैं और फसलों का खराब होने का डर भी लगा रहता है।
खांन्सी गांव को सड़क की स्थिति बेहद खराब है। डेढ़ दशक पहले बनी सात किमी सड़क का आज तक डामरीकरण नहीं हो पाया है। हम लंबे समय से डामरीकरण की मांग कर रहे हैं। विधायक ने अपने पत्र के माध्यम से डामरीकरण के लिए अपनी संस्तुति दी है जिससे उन्हें उम्मीद जगी है कि सड़क का डामरीकरण हो जाएगा।
वहीं बड़कोट के लोनिवि अधिशासी अभियंता तनुज कांबोज ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक ने खांन्सी बलाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए अपनी संस्तुति प्रदान की है। प्राक्कलन बना कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है जिसे जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।