सड़क बाधित रहने से गांव में गहराता जा रहा है खाद्यन्न और रसोई गैस का संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। विनयखाल-गेंवाली मोटर मार्ग पर एक माह बाद भी यातायात बहाल नहीं हो पाया है जिससे सीमांत गेंवाली गांव के लोगों को आवागमन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात बहाल नहीं होने से गेंवाली गांव में खाद्यन्न और रसोई गैस का संकट गहराने लगा है। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मार्ग को जल्द अवागमन के लिए खोलने और खाद्यन्न की आपूर्ति करने की मांग की है।
भिलंगना ब्लॉक के सीमांत क्षेत्र गेंवाली में बीते 28 अगस्त को बादल फटने से भारी तबाही मची थी। आपदा की चपेट में आने से दो मंदिर, कई नाली कृषि भूमि, पेयजल लाइन, विद्युत लाइन, पैदल रास्ते, पेयजल स्रोत और पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई जिससे ग्रामीणों की समस्याएं बढ़ गई थी। हालांकि गांव में पानी और बिजली की आपूर्ति बहाल होने से लोगों को राहत मिली है लेकिन सड़क यातायात बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है।
पूर्व ग्राम प्रधान बचन सिंह रावत ने बताया कि विनयखाल-गेंवाली मोटर मार्ग पर किमी पांच के समीप यातायात बहाल नहीं हो पाया है। सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने से लोग वहां से पैदल आवागमन भी नहीं पा रहे है। गांव में 250 से अधिक परिवार निवासरत है। आपदा के दौरान प्रशासन की ओर से लगभग 80 परिवारों को राशन के किट उपलब्ध कराए गए थे। एक माह से सड़क बाधित रहने के कारण गांव में खाद्यन्न और रसोई गैस की सप्लाई नहीं हो पा रही है। घरों में लगातार राशन का संकट गहराता जा रहा है।
विनयखाल-गेंवाली मोटर मार्ग पर जखाणा से गेंवाली गाड तक छोटे वाहनों का संचालन हो रहा है। कई स्थानों पर सड़क खराब है लेकिन छोटे वाहन चल रहे है। विनयखाल-गेंवाली सड़क पर कुछ स्थानों पर सुरक्षा दीवार निर्माण होना है उसके लिए शासन को बजट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया है।
-मंजीत बिष्ट, कनिष्ठ अभियंता वाप्कोस घनसाली
गेंवाली गांव में सितंबर माह तक राशन का वितरण पहले ही किया चुका है। अक्तूबर का राशन का वितरण भी जल्द किया जाएगा।
-मनोज डोभाल, जिला खाद्यपूर्ति अधिकारी टिहरी