देवी भक्तों ने अपने घरों में हरियाली काटी और कन्या पूजन कर प्रसाद बांटा
नई टिहरी/थत्यूड़। शारदीय नवरात्र के नौवें दिन जिले के शक्तिपीठों से लेकर घरों में देवी भक्तों ने मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना और हवन कर हरियाली काटी। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में माता की पूजा-अर्चना कर खुशहाली की मन्नत मांगी। साथ ही कन्याओं का भी पूजन कर रिद्धि-सिद्धि की कामना की।
बुधवार को महानवमी पर्व पर शक्तिपीठ मां चंद्रबदनी, सुरकंडा, कुंजापुरी, राजराजेश्वरी जलेट, भटखेम, सनातन धर्म शक्ति पीठ दुर्गा मंदिर नई टिहरी, नवदुर्गा मंदिर बौराड़ी सहित जिलेभर में लोगों ने अपने घरों में पूजा की। लोगों ने सुबह से मंदिर पहुंचकर हवन कर माता दुर्गा की पूजा अर्चना कर हरियाली काटी। लोगों ने कन्याओं का भी पूजन कर उन्हें जिमाया।
सिद्धपीठ मां चंद्रबदनी, सुरकंडा और कुंजापुरी मंदिर में दिनभर खूब भीड़ उमड़ी रही। लोग दोपहर बाद तक मंदिर में देवी के दर्शन करने को पहुंचते रहे। सुरकंडा मंदिर परिसर में काफी भीड़ उमड़ने के कारण लोगों को देवी के दर्शन के लिए एक से डेढ़ घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। सिद्धपीट मां चंद्रबदनी और कुंजापुरी मंदिर में भी सुबह से दोपहर बाद तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर खुशहाली की मन्नतें मांगी।