चंबा (टिहरी)। अपनी पैतृक जमीन बचाने को लेकर जड़धार गांव के ग्रामीण भी मुखर हो गए। ग्रामीणों ने बैठक कर निर्णय लिया कि गांव का कोई भी परिवार बाहरी लोगों को अपनी पैतृक जमीन विक्रय नहीं करेगा। ग्रामीणों ने बाकायदा इस बात की सामूहिक रूप से शपथ भी ली।
ग्राम सभा जड़धार गांव की आम बैठक ग्राम प्रधान प्रीति जड़धारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ग्राम सभा के अंतर्गत कुछ लोगों द्वारा बाहरी लोगों को जमीन विक्रय करने पर चिंता जताई गई। कुछ दिन पहले बाहरी लोगों द्वारा गांव में आकर रात्रि को पटाखे फोड़ने व हुड़दंग मचाने पर कड़ा आक्रोश जताया।
बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि भविष्य में गांव का कोई भी परिवार, व्यक्ति या संस्था बाहरी लोगों को अपनी पैतृक जमीन विक्रय नहीं करेगा। यदि कोई पंचायत के फैसले का उल्लंघन करेगा, तो पंचायत किसी भी प्रकार की गतिविधि में उसका सहयोग नहीं करेगी। यदि कोई घटना घटित होती है तो उसके लिए वही परिवार जिम्मेदार रहेगा।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि बागपत उत्तर प्रदेश के जिन लड़कों ने बीते दिनों गांव में आकर रात को पटाखे फोड़े और दहशत फैलाई उनकी जमीन का दाखिला खारिज नहीं होने दिया जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए। कहा कि शिकायत दर्ज करने के बाद भी गांव में हुड़दंग मचाने वालों को मामूली हिदायत देकर पुलिस ने छोड़ दिया।
बैठक के अंत में ग्रामीणों ने बाहरी लोगों को अपनी पैतृक जमीन नहीं बेचने की शपथ ली। इस मौके पर बीडीसी सदस्य सुखपाल सिंह जड़धारी, पर्यावरणविद् विजय जड़धारी, उपप्रधान कुलदीप सिंह थापा, विनीता देवी, भरत सिंह जड़धारी, पूर्व प्रधान रेखा जड़धारी, विक्रम सिंह, राजेंद्र सिंह, सुंदर सिंह, उत्तम सिंह जड़धारी, आशीष जड़धारी, मगनी देवी, आशा देवी आदि उपस्थित रहे।