गढ़वाल विवि की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय बास्केटबाल प्रतियोगिता शुरू
चंबा (टिहरी)। गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में विवि की पुरुष वर्ग की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय बास्केटबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई। पहले दिन खेले गए मुकाबले के बाद एसआरटी परिसर बादशाहीथौल और डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून की टीम ने फाइनल में जगह बनाई है।
बादशाहीथौल परिसर के खेल मैदान में सोमवार को राज्य आंदोलनकारी डॉ. आरबी गोदियाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना को सर्वोपरी रखकर कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की। परिसर निदेशक प्रो. एए बौड़ाई ने राज्य आंदोलनकारी डॉ. गोदियाल, रमेश रतूड़ी, उत्तम तोमर, डॉ. केसी पेटवाल, राज किशोर थपलियाल, डॉ. बिना जोशी, प्रो. सुनीता गोदियाल को सम्मानित किया।
पहले मैच में बिड़ला परिसर श्रीनगर ने पौड़ी कैंपस को 24-15 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया। दूसरे मैच में मेजबान एसआरटी परिसर बादशाहीथौल ने राठ महाविद्यालय पैठाणी को 70- 20 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। एक अन्य मैच में डॉल्फिन संस्थान देहरादून ने डीबीएस कॉलेज देहरादून को 37-18 से हराया।
पहला सेमीफाइनल बिड़ला परिसर श्रीनगर और डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के बीच खेला गया जिसमें देहरादून 70-59 से जीतकर फाइनल में पहुंचा। दूसरे सेमीफाइनल में एसआरटी बादशाहीथौल ने डॉल्फिन संस्थान देहरादून को 40-29 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मौके पर डीन शिक्षा संकाय प्रो. सुनीता गोदियाल, उप अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. जेडीएस नेगी, आयोजक सचिव केसी पेटवाल, डॉ. यूएस नेगी, सहायक खेल निदेशक डॉ. मोहित बिष्ट, डॉ. गुरदीप सिंह, राजेंद्र सिंह, छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष राणा, महासचिव अमन सुयाल, उपाध्यक्ष आलोक, नम्रता मखलोगा आदि मौजूद रहे।