दो माह से सुमन क्यारी के समीप सुरक्षा दीवार निर्माण की राह ताक रहे स्थानीय लोग
नैनबाग (टिहरी)। दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-507 सुमन क्यारी के समीप क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का कार्य विभाग ने आधा- अधूरा छोड़ दिया है जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है।
जौनपुर क्षेत्र में बीते सितंबर माह में आपदा के दौरान एनएच-507 सुमन क्यारी के ठंडा पानी तोक के समीप सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। दो माह बाद भी पूरा सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। स्थानीय निवासी मंयक बिजल्वाण, इंद्र सिंह तोमर, गंभीर सिंह रावत, देशपाल पंवार ने बताया कि आपदा के कारण हाईवे का करीब 40 मीटर की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई थी।
एनएच ने आनन-फानन में पहाड़ी की कटिंग कर वाहनों के लिए सड़क खोल दी थी। वहां पर सुरक्षा दीवार का निर्माण भी शुरू करवाया लेकिन एक सप्ताह बाद ठेकेदार ने सुरक्षा दीवार का कार्य बंद कर दिया था। निर्माण कार्य बंद होने से वाहन संचालन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए सड़क के किनारे रखा रेत-बंजरी सड़क पर फैल गया है।
निर्माण न होने से सुमन क्यारी में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। सड़क की मिट्टी बहने से सड़क अंदर से खोखली होती जा रही है। हाईवे पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आवाजाही करते हैं लेकिन सुरक्षा दीवार नहीं बनने से स्थानीय लोगों के साथ यात्रियों को जोखिम उठाकर यात्रा करनी पड़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने शीघ्र सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शुरू न करने पर एनएच के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर सुमन क्यारी के पास क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। टेंडर खुलते ही शीघ्र दीवार का निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।
मनोज रावत, अधिशासी अभियंता, एनएच-507।