18 विभाग में से पांच के ही अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे
नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत स्वाड़ी में आयोजित सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम महज खानापूर्ति साबित हुआ। सीडीओ वरुणा अग्रवाल की ओर से कार्यक्रम में 18 विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को को शामिल होने के निर्देश दिए गए थे लेकिन कुल पांच विभाग ही शामिल हुए। इससे समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों को निराश लौटना पड़ा।
स्वाड़ी ग्राम पंचायत में 12 दिसंबर को सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिससे बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर जनता दरबार में पहुंचे। प्रधान राकेश कुमाईं ने बताया कि गांव में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार का प्रचार-प्रसार किया गया था जिससे काफी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर कार्यक्रम में पहुंचे। 18 विभागों में से कुल पांच विभाग के अधिकारी ही शामिल हुए जिससे अधिकतर लोगों को निराश ही लौटना पड़ा। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि जो विभागीय अधिकारी-कर्मचारी सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में नहीं पहुंचे, उनसे स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।