भारत निर्वाचन आयोग के उप आयुक्त संदीप सक्सेना ने विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लेते हुए मतदाता सूचियों का पुर्न निरीक्षण का कार्य 30 सितंबर से पूर्व और जो मतदाता एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष के रहे हैं, उन्हें सूची में शामिल करने के निर्देश दिए। वहीं जिले में इस बार 18 हजार 625 नए मतदाता सूची में दर्ज हुए हैं।
बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से आयोग के उप आयुक्त सक्सेना ने कहा कि पूर्व के चुनाव में जिन मतदान केंद्रों पर किसी प्रत्याशी को विशेष रूप से 90 फीसदी से अधिक मत पड़े हो, उन्हें 31 अक्तूबर तक चिह्नित कर संवेदनशील केंद्र बनाए जाए।
जिलाधिकारी इंदुधर बौड़ाई ने बताया कि जिले की छह विधानसभाओं में 45 नए मतदेय स्थलों का सृजन किया जा रहा है, जिन्हें मिलाकर अब 914 मतदेय स्थल होंगे। बताया कि पूर्व के चुनाव में चार लाख 53 हजार 659 मतदाता थे, अब 18 हजार 625 नए मतदाता जोड़े गए हैं।
1973 बैलेट यूनिट और 1230 कंट्रोल यूनिट उपलब्ध हैं। जनपद में 80 मतदेय स्थल संवेदनशील और 19 अतिसंवेदनशील प्रस्तावित हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एनएस नपलच्याल ने बताया कि जनपद में मतदेय स्थलों में वृद्धि के कारण सुरक्षा कर्मियों की मांग पुलिस मुख्यालय को भेजी गई है।