कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने से घटना का कारण स्पष्ट नहीं
नई टिहरी। बौराड़ी में एक युवती का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे के हुक से लटका मिला। कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। मामले में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
कोतवाली निरीक्षक अजय जाटव ने बताया कि शुक्रवार अपराह्न को खाना खाने के बाद कोमल (29) पुत्री राजेंद्र सिंह निवासी 9- एफ बौराड़ी अपने कमरे में चली गई थी। करीब एक-डेढ़ घंटे बाद साढ़े चार बजे उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों ने उसे आवाज दी। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों के साथ वहां मौजूद लोगों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर देखा तो कोमल पंखे के हुक से चुन्नी के सहारे लटकी हुई थी।
लोगों ने उसे फंदे से उतार कर जिला अस्पताल बौराड़ी ले गए, वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि एक भाई दो बहनों में कोमल बीएड करने के बाद डीएलएड की पढ़ाई कर रही थी। घटना के दिन उसकी किसी के साथ भी कोई झगड़ा और मनमुटाव जैसी कोई बात भी नहीं हुई। युवती ने ऐसा क्यों किया सब अनजान हैं। कोतवाल ने बताया कि कमरे की तलाशी लेने पर वहां कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। मामले में कोई तहरीर आती है, तो घटना की जांच की जाएगी।