फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भूलभुलैया बना शहर : 13 साल पहले लगे बोर्ड हुए बदहाल, घर ढूंढना हुआ मुश्किल

Wed, 17 Dec 2025 06:38 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, टिहरी
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर पालिका की अनदेखी, बिना साइन बोर्ड के सेक्टरों में भटक रहे बाहरी लोग और डिलीवरी बॉय
विज्ञापन

नई टिहरी। नगर क्षेत्र में बने आवासीय भवन, सेक्टर और ब्लॉकों में व्यवस्थित मास्टर प्लान के तहत विकसित किया गया है लेकिन शहर की पहचान और दिशा बताने वाले साइन व दिशा सूचक संकेत बोर्ड खराब पड़े हैं। नगर पालिका की ओर से एक दशक पूर्व लगाए गए ये बोर्ड अब बदहाल स्थिति में पहुंच चुके हैं जिससे बाहर से आने वाले लोगों को तय पते तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नई टिहरी शहर के अधिकांश आवासीय क्षेत्र ब्लॉक और सेक्टरों में विभाजित हैं। सरकारी और निजी भवन एक जैसे आकार और संरचना में बने होने के कारण स्थानीय पहचान पहले से ही चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में चौराहों और आवासीय कॉलोनियों के बीच लगाए गए साइन और दिशा संकेत बोर्ड ही लोगों के लिए सहारा थे।
विज्ञापन

पूर्व पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय राकेश सेमवाल के कार्यकाल में वर्ष 2011–12 के दौरान नगर के प्रमुख चौक, चौराहों, ब्लॉक और सेक्टरों में ये बोर्ड लगाए गए थे जिससे लोगों को सही दिशा और स्थान तक पहुंचने में सुविधा मिलती थी लेकिन समय बीतने के साथ नगर क्षेत्र में लगे अधिकांश साइन बोर्ड खराब हो चुके हैं।
कई बोर्डों पर लिखे नाम और दिशा सूचक संकेत पूरी तरह मिट चुके हैं जबकि कुछ बोर्ड जंग खाकर टेढ़े हो गए हैं। कई स्थानों पर इन पर प्रचार-प्रसार के पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं जिससे इनका मूल उद्देश्य ही समाप्त हो गया है। बाहरी लोगों को अपने रिश्तेदारों, सरकारी दफ्तरों या अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने के लिए स्थानीय लोगों से बार-बार मदद लेनी पड़ रही है।
विज्ञापन

ऑनलाइन खरीदारी और होम डिलीवरी के बढ़ते चलन के बीच यह समस्या और भी गंभीर हो गई है। डिलीवरी कर्मियों को घर तक सामान पहुंचाने के लिए सेक्टर और ब्लॉकों में भटकना पड़ता है जिससे समय और संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी हो रही है। वहीं बुजुर्गों, मरीजों और आपात स्थिति में आने वाले लोगों के लिए यह अव्यवस्था बड़ी परेशानी का कारण बन रही है। नगर पालिका क्षेत्र में खस्ताहाल हो चुके साइन और दिशा संकेत बोर्डों को बदलने की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।

नगर पालिका क्षेत्र में जहां-जहां साइन और दिशा सूचक संकेत बोर्ड खराब हो चुके हैं उन्हें जल्द बदलने का काम पालिका की ओर से किया जाएगा।
- बासुदेव डंगवाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका टिहरी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें