संवाद न्यूज एजेंसी
नैनबाग(टिहरी)। यमुना नदी पर निर्माणाधीन 300 मेगावाट लखवाड़ बांध परियोजना के श्रमिकों का विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन जारी रहा। श्रमिकों ने अपने संवैधानिक अधिकार और सीटू यूनियन को मान्यता देने के साथ ही अपने अधिकार के लिए लड़ रहे श्रमिकों पर दर्ज फर्जी प्राथमिकी वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक श्रमिकों को उचित मजदूरी और उनकी सभी नौ सूत्री मांगें नहीं मानी जाती है तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
लखवाड़ जल विद्युत परियोजना में कार्यरत श्रमिकों ने नौ सूत्री मांगों का निराकरण नहीं होने पर कड़ा रोष जताया है। परियोजना का कार्य ठप कर वह आठ दिनों से परियोजना स्थल पर धरना दे रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर श्रमिकाें का रोष बढ़ता जा रहा है। श्रमिकों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए निशानेबाज सुभाष राणा फिर धरनास्थल पहुंचे। श्रमिकों ने आंदोलन कर रहे श्रमिकों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने, बाहर किए गए श्रमिकों को बहाल करने, दैनिक मजदूरी बढ़ाने सहित नौ सूत्री मांगों के निराकरण की मांग उठाई। कहा कि मांगें पूरी होने पर आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। इस मौके पर प्रदीप चौहान, सतीश तोमर, विपिन, प्रदीप, सुरेश रावत, सुमित चौहान, रमेश और राजेंद्र चौहान आदि मौजूद थे।