कृषि मंडी का काश्तकारों को लाभ नहीं मिलने पर जताया आक्रोश
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर विकास मंच ने बाजार में बैठक कर थत्यूड़ कृषि मंडी को पूरे साल खुले रखने की मांग की है। काश्तकारों को कृषि मंडी का लाभ नहीं मिलने पर उनमें आक्रोश बढ़ रहा है।
जौनपुर विकास मंच के महामंत्री खेमराज भट्ट ने कहा कि थत्यूड़ में सहकारिता विभाग की ओर थत्यूड़ में पूर्व के वर्षों में कृषि मंडी खोली गई है लेकिन मंडी संचालन सिर्फ बरसात के दौरान तीन माह तक ही किया जाता है। काश्तकारों से मंडी समिति सब्जी व नकदी फसलों को औने-पौने दामों पर खरीदारी करती हैं।
उन्होंने सहकारिता के सहायक विकास अधिकारी को पत्र भेजकर मंडी को पूरे साल खुले में रखने, काश्तकारों से देहरादून निरंजनपुर मंडी की दरों पर सब्जियों की खरीद करने, मंडी में बेरोजगार युवाओं की नियुक्ति करने की मांग की है। साथ ही स्थानीय स्तर पर सब्जी उत्पादन कम होने के दौरान देहरादून व अन्य जगहों से सब्जियां मंगवाकर स्थानीय दुकानदारों को देने की मांग है।
इस बाबत सहकारिता सहायक विकास अधिकारी प्रमोद कुमार का कहना कि कृषि मंडी में युवाओं की नियुक्ति, पूरे साल भर मंडी खोलने व मंडी में सब्जियों के रेट के मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा जिसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष अकवीर पंवार, कृपाल सिंह सिंह रावत, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख महिपाल सिंह सजवाण, विक्रम चौहान, दीपक सजवाण आदि मौजूद थे।