नई टिहरी रोड पर टीसीआर होटल के पास सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दंपती घायल हो गए। सूचना मिलने पर चंबा पुलिस ने फायर सर्विस टिहरी और पीएसी के जवानों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, कार संख्या नई टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। टीसीआर होटल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि वाहन नीचे एक पेड़ पर अटक गया।
जिला कंट्रोल रूम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही चंबा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा पुलिस बल और आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां फायर सर्विस टिहरी और पीएसी के जवानों के सहयोग से बचाव कार्य शुरू किया गया।