टिहरी बांध की झील में अंतरराष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ाओं में चयन के लिए जल्द ही प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। यह ट्रेनिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था वैक वोर्ड वाटर स्की फेडरेशन स्विट्जरलैंड की पटियाला शाखा की ओर से दी जाएगी।
प्रतियोगिता को लेकर डीएम इंदुधर बौड़ाई की अध्यक्षता में हुई बैठक में कंपनी के महासचिव राजपाल सिंह ने बताया कि चयन प्रतियोगिता से पहले झील में सुरक्षा मानकों के साथ ही अन्य सभी औपचारिकताएं पूरी की जानी जरूरी है।
जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम ने प्रतियोगिता की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। महासचिव ने कहा कि एशिया की सबसे बड़ी झील में प्रतियोगिता होने से टिहरी झील को पहचान मिलेगी। महासचिव ने बताया कि चयन प्रतियोगिता में दो स्थानीय युवाओं के साथ 10 अन्य प्रतिभागी शामिल होंगे, जिसमें दो सेना के जवान भी हैं।
प्रतियोगिता के बाद छह खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2020 में होने वाली ओलंपिक प्रतियोगिता को देखते हुए भी तैयारी की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान सरलम, ट्रीक, जंप आदि प्रतियोगिताएं होंगी। पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने प्रतियोगिता के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।