बालक वर्ग कबड्डी और बैडमिंटन में देहरादून बना विजेता
सांसद खेल महोत्सव का टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने किया शुभारंभ
नई टिहरी। सांसद खेल महोत्सव का टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने शुभारंभ किया। बालक वर्ग कबड्डी और बैडमिंटन में देहरादून व महिला वर्ग के बैडमिंटन और कबड्डी में टिहरी की टीम विजेता रही। विजेता और उप विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
बौराड़ी स्टेडियम में बुधवार को पहला सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ करते हुए टिहरी सांसद शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार की यह महत्वाकांक्षी खेल योजना है। खिलाड़ियों को इस योजना का लाभ उठाना चाहिए। सरकार खेल क्षेत्र में अनेक योजनाएं संचालित कर खिलाड़ियों को सुविधाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खिलाड़ियों को इसका निश्चित तौर पर लाभ मिलेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, डीएम नितिका खंडेलवाल व भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत बेहतर खेल प्रतिस्पर्धा के लिए इस प्रकार की योजनाएं मील का पत्थर साबित होगी। जिला खेल अधिकारी दीपक रावत, युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में टिहरी, उत्तरकाशी और देहरादून जिले से 80 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
बैडमिंटन की स्पर्धाएं बहुउद्देशीय हॉल व कबड्डी प्रतियोगिता बौराड़ी स्टेडियम में संपन्न करवाई गई। कबड्डी ओपन बालक वर्ग में देहरादून की टीम ने टिहरी को 29-26 अंकों से हराकर जीत हासिल की। महिला वर्ग में टिहरी ने देहरादून को हराया। वहीं बैडमिंटन पुरुष वर्ग में देहरादून ने टिहरी को व महिला वर्ग में टिहरी ने उत्तरकाशी की टीम को पराजित कर जीत दर्ज की।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल, चंबा सुमन सजवाण, नगर पालिकाध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, चंबा की शोभनी धनोला, लंबगांव के रोशन रांगड़, भाजपा महामंत्री जयेंद्र सेमवाल, बलवंत रावत, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी मौजूद थे।