जल्द ही जिले के 29 स्कूलों का पुनर्निर्माण होगा। वर्षों से जीर्णशीर्ण 29 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों के पुनर्निर्माण के लिए सर्व शिक्षा अभियान से तीन करोड़ 91 लाख 10 हजार की स्वीकृति मिली है। विभाग इस राशि से भवनों को पुनर्निर्माण करने में जुट गया है।
आपदा के कारण कई वर्षों से जिले में 90 प्राथमिक और 12 उच्च प्राथमिक स्कूल क्षतिग्रस्त थे। बारिश के दिनों में बच्चों की छुट्टी करने या उन्हें अन्यत्र शिफ्ट करने के सिवाय शिक्षकों के पास कोई विकल्प नहीं रहता है। ऐसे में पठन-पाठन प्रभावित होता रहा है। अब सर्व शिक्षा अभियान से विभाग से कुछ राहत मिल गई है। एसएसए से 25 प्राथमिक स्कूलों के निर्माण को तीन करोड़ 21 लाख 50 हजार एवं पांच उच्च प्राथमिक स्कूलों के लिए 69 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। जबकि चार प्राथमिक स्कूलों की मरम्मत के लिए 16 लाख की भी स्वीकृति मिली है।
अब विभाग ने स्कूलों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत को लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति को पत्र जारी कर पुनर्निर्माण एवं मरम्मत संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा है। स्कूलों का समय पर पुनर्निर्माण होने से प्राथमिक के करीब साढ़े आठ सौ और जूनियर स्कूलों के डेढ़ सौ छात्रों को लाभ मिलेगा। प्रतापनगर में 11, भिलंगना में आठ, जौनपुर में चार, देवप्रयाग, चंबा और कीर्तिनगर में दो-दो तथा थौलधार में एक स्कूलों के भवन निर्माण की स्वीकृति मिली है।
कोट-
29 स्कूलों पुनर्निर्माण और चार के मरम्मत के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही स्कूलों के निर्माण एवं मरम्मत की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इससे छात्र- छात्राओं को सुविधा हो सकेगी। -डा. अशोक कुमार गुसाईं, डीईओ बेसिक।