टिहरी जिले में बारिश सड़क मार्गों और सिंचाई नहरों पर आफत बनकर बरसी। बारिश से जिले के 12 ग्रामीण सड़क मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गए, जिस कारण लोगों को आवागमन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। वहीं सिंचाई के लिए बनाई गई पांच सिंचाई नहरें भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गईं।
रविवार शाम से जिले में मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था जो सोमवार को भी जारी रहा। भारी बारिश के कारण मलबा और बोल्डर आने से हिंडोलाखाल-सोनी-सरोली, गुलर-नाईं-मिनाथ-चमेली, हिंडोलाखाल-शिवपुरी, डागर-कोठार-पाली-कोडी, थाना-डाडाकी, सैंण-मंदार-पिपोला, गहड-पल्यापाटला, विनयखाल-गेंवाली मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गए हैं। आपदा प्रबंधन कार्यालय से बताया गया कि बंद सड़कों को खोला जा रहा है। जेसीबी से मलबा और बोल्डर हटाए जा रहे हैं। बारिश से निवाल गांव, लूबा गांव, आगरकोटी, तिलवाड़ी गांव, केमरसौड़ की सिंचाई नहरें क्षतिग्रस्त हो गईं। बालगंगा क्षेत्र के बनोली गांव की दो पैदल पुलिया भी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।