टाटा ट्रस्ट और टाइटन कंपनी के वित्तीय सहयोग से बनाई गई नकोट-अरोगी पेयजल योजना का शुभारंभ किया गया है। पेयजल योजना का निर्माण पूरा होने के साथ ही आराकोट गांव शतप्रतिशत शौचालय से भी आच्छादित हो गया है।
बुधवार को पेयजल योजना का शुभारंभ टाइटन कंपनी के प्रबंधक निदेशक भाष्कर भट्ट ने किया। उन्होंने कहा कि कंपनी कारपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत समाज हित के लिए कार्य करती रही है। योजना का निर्माण होने से ग्रामीणों को पेयजल समस्या से निजात मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि आराकोट में नकोट-अरोगी पेयजल योजना निर्माण में टाटा ट्रस्ट की हिमोत्थान सोसाइटी और हिमालयन इंस्टीट्यूट ट्रस्ट ने बेहतर कार्य किया है। उन्होंने हिमोत्थान सोसाइटी की ओर से शौचालय निर्माण और वर्षा जल संरक्षण के लिए वाटर हार्वेस्टिंग टैंकों के निर्माण की जानकारी भी दी।
बताया गया कि आराकोट में कुल 23 वर्षा जल संरक्षण टैंक बनने हैं, जिनमें से 14 का निर्माण पूरा हो गया है। सोसाइटी की निदेशक डा. मालाविका चौहान ने टाइटन कंपनी और टाटा ट्रस्ट के सहयोग के लिए आभार जताया। इस मौके पर प्रधान रजनी रावत, एनई श्रीधरन, उमा कृष्णन, विनोद कोठारी, यशपाल बिष्ट, गिरीश नौटियाल, वीरेंद्र वर्मा, नितीश कौशिक, डा. सुमेश, मुकेश पंवार और जगमोहन पंवार आदि मौजूद थे।