नई टिहरी। डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी व एनीमिया मुक्त कार्यक्रम को लेकर बैठक आयोजित की गई। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अप्रैल से दिसंबर 2024 तक जिले के विभिन्न अस्पतालों में हुए अल्ट्रासाउंड की जानकारी लेते हुए अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने को कहा।
अस्पतालों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर डाटा का मिलान करने और प्रतिदिन का औसत निकालने कितने अल्ट्रासाउंड हुए हैं। उन्होंने कहा कि एएनसी टेस्ट के दौरान विशेष रूप से उन गर्भवती महिलाओं पर निगरानी रखी जाए, जिनकी पहले से दो-तीन बेटियां हैं। इन महिलाओं की काउंसलिंग कर फाइल मेंटेन करने के निर्देश दिए।
उप जिला अस्पताल नरेंद्रनगर और जिला अस्पताल बौराड़ी में लगातार तीन-तीन दिन सेवा देने वाले रेडियोलॉजिस्ट को सम्मानित करने को कहा। सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने बताया कि गर्भावस्था में एनीमिया से निपटने के लिए जिले में जल्द ही मेगा अभियान चलाया जाएगा। बताया कि एनीमिया मुक्त कार्यक्रम के तहत जिले ने टेस्टिंग में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले में मेगा अभियान के दौरान सभी स्क्रीनिंग साइट्स का उद्घाटन किया जाएगा। बैठक में एसीएमओ डॉ. एलडी सेमवाल, एसीएमओ डॉ. दीपा रूबाली, डीपीओ संजय गौरव, राजीव सिंह नेगी, जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी तनुजा रावत, राड्स संस्था के जेपी बडोनी, लोक कल्याण समिति रानीचौरी के सुशील कुमार बहुगुणा आदि मौजूद रहे।