विकासखंड भिलंगना के प्राथमिक विद्यालय सुमार्थ में तैनात दो शिक्षिकाओं में से एक शिक्षिका तीन दिन से स्कूल से नदारद है, जबकि दूसरी शिक्षिका पहले से ही अवकाश पर है। विद्यालय में ताले लटके होने से यहां अध्ययनरत बच्चे हर रोज स्कूल से बिना अक्षरज्ञान लिए ही बैंरग लौटने को मजबूर हैं। इससे ग्रामीणों में शिक्षा विभाग के प्रति रोष व्याप्त है।
पट्टी नैलचामी के सुमार्थ प्राथमिक विद्यालय में बीते बुधवार से ताले लटके हुए हैं, जबकि स्कूल में विभाग की ओर से मात्र 14 बच्चों की पढ़ाई के लिए दो शिक्षिकाओं को तैनात किया गया है। इनमें से एक शिक्षिका पूर्व में कार्यालय से अवकाश पर है जबकि दूसरी अध्यापिका तीन दिन से बिना सूचना दिए विद्यालय भवन पर ताला लटकाकर गायब है। बच्चे हर रोज स्कूल में पढ़ने आ रहे हैं मगर विद्यालय बंद होने से बैरंग लौट रहे हैं।
ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तीन दिन से विद्यालय में तैनात दो शिक्षिकाओं में से एक भी मौजूद नहीं है, जिससे बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से तत्काल शिक्षिका तैनात करने की मांग की है।
उधर खंड शिक्षाधिकारी शशिकांत अंथवाल ने बताया कि स्कूल में दो शिक्षिकाओं की तैनाती की गई है। एक अध्यापिका अवकाश पर है, जबकि दूसरी शिक्षिका बिना बताए कहां गायब है, उनका पांच दिन का वेतन काटने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।