हॉस्टल के स्थान पर बनाया जा रहा है जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी का कार्यालय
छात्र बोले, विद्यालय की भूमि का हस्तांतरण विधिक उल्लंघन
उत्तरकाशी। राजकीय कीर्ति इंटर काॅलेज के अभिभावक संघ और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के हॉस्टल के स्थान पर जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय निर्माण का विरोध किया है। इसके साथ ही उनका कहना है कि विद्यालय की 660 वर्ग भूमि को स्वास्थ्य विभाग को 50 बेड के अस्पताल निर्माण के लिए हस्तांतरित की गई लेकिन अब इसके स्थान पर वहां पर आवासीय भवनों का निर्माण किया जा रहा है। जो कि भूमि हस्तांतरण का विधिक उल्लंघन है।
शनिवार को राजकीय कीर्ति इंटर काॅलेज की छात्र-छात्राएं जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां पर उन्होंने जिलाधिकारी को प्रेषित ज्ञापन में कहा कि उनके विद्यालय की भूमि का दुरुपयोग किया जा रहा है। वर्षों पुराने छात्रावास की भूमि का जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक को हस्तांतरित किया गया है। यह छात्र-छात्राओं के अधिकारों के साथ उल्लंघन है।
उनका कहना है कि विद्यालय में जनपद के भटवाड़ी, मोरी, चिन्यालीसौड़, धौंतरी आदि दूरस्थ स्थानों से छात्र पढ़ते हैं। इनके लिए लंबे समय से मांग की जा रही है इस छात्रावास का पुनर्निमाण कर इसका लाभ छात्र-छात्राओं को दिया जाए। क्योंकि कई बच्चों को किराए के भवनों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे उन पर आर्थिक बोझ भी पढ़ता है लेकिन विभाग की ओर से छात्रहितों को दरकिनार करते हुए वहां पर कार्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है।
इसके साथ ही विद्यालय की भूमि को पचास बेड के अस्पताल के लिए हस्तांतरित किया गया लेकिन अब जानकारी मिल रही है कि वहां पर आवासीय भवनों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, विद्यालय की कई नाली भूमि और भवनों पर रसूखदार लोगों का कब्जा है इसलिए उन्होंने डीएम से मांग की है कि छात्रहितों को देखते हुए विद्यालय की भूमि और भवनों का प्रयोग छात्र-छात्राओं और प्रबंधन को करने के लिए उचित कार्रवाई की जाए। इस मौके पर छात्रा प्रतिनिधि संजिता राणा, दीक्षा नौटियाल, वैशाली, योजना, हिमांशू सेमवाल, अर्जुन, ऋषभ आदि मौजूद रहे।