श्रीदेव सुमन विवि के छात्रों ने बताया आक्रोश, विवि प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
परीक्षा नियंत्रक ने दिया बीएससी प्रथम व बीए तृतीय सेमेस्टर के एक-एक प्रश्नपत्र का पुनर्मूल्यांकन का आश्वासन
नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विवि के अधिकांश परीक्षा परिणामों में विवि स्तर से त्रुटि होने पर छात्र-छात्राओं ने कड़ा आक्रोश जताते हुए विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति नेगी ने बीएससी प्रथम और बीए तृतीय सेमेस्टर के एक-एक प्रश्नपत्रों के पुनर्मूल्यांकन का लिखित आश्वासन दिया। तब जाकर छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।
बृहस्पतिवार को छात्रों ने श्रीदेव सुमन विवि पहुंचकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि विवि ने स्नातक प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर के परिणाम जारी किए हैं जिनमें काफी त्रुटियां है। अधिकांश छात्रों को 1-1 अंक दिए हैं। वहीं तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। स्नातक तृतीय सेमेस्टर के छात्रों के अतिरिक्त विषय दर्शाए गए हैं।
स्नातक बैक पेपर के परिणाम अभी तक जारी नहीं किए हैं। जिससे छात्रों में असंतोष बना हुआ है। उन्होंने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि हर साल परिणाम सहित अन्य खामियां बढ़ती जा रही है। ऐसे में समस्याओं को देखते हुए सभी विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं की रैंडम रीचेकिंग (पुनर्मूल्यांकन) किया जाए जिस पर विवि की परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति नेगी ने बीएससी प्रथम और बीए तृतीय सेमेस्टर के एक-एक प्रश्न पत्रों के पुनर्मूल्यांकन का लिखित आश्वासन दिया है।
प्रदर्शनकारियों में दिव्यांशु रावत, प्रदीप रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शंकर नेगी, प्रदीप प्रसाद, आयुषी थपलियाल, स्नेहा, खुशबू, काजल, प्रियांशी राणा, अजीत, प्रवीण, आयुष, साहिल, आयुष्मान, अंशुमान, आयशा, प्रियंका, रितिका, शालिनी, कार्तिक, हरिओम आदि शामिल रहे।