नई टिहरी। सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के 23वां वार्षिकोत्सव में प्लेग्रुप से लेकर 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड और देश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरी। स्कूल का रेड हाउस ओवर ऑल चैंपियन बना।
सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल ढुंगीधार के वार्षिकोत्सव का जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ़ बृजेश डोभाल और टिहरी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बीपुरम की डीन डॉ़ रमना त्रिपाठी ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल छात्र-छात्राओं को गुणवत्ता परख शिक्षा देने के साथ, खेलकूद के साथ अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने का काम रहा है।
आज विद्यालय के कई छात्र सरकारी और निजी क्षेत्रों में उच्चे पदों पर कार्यरत हैं। विद्यालय निदेशक गौतम बिष्ट ने कहा कि 23 वार्षिकोत्सव को उड़ान नाम दिया है। ताकि छात्र बड़ी उड़ान पारकर देश, प्रदेश और टिहरी का नाम रोशन कर सके। लक्ष्य हासिल करने के लिए छात्रों को मोबाइल और नशे से दूरी बनानी होगी।
वार्षिकोत्सव में टिहरी और देश के बड़े-बड़े लोगों की कामयाबी की प्रदर्शनी लगाई है जिन्होंने लक्ष्य हासिल कर अपनी उड़ान को पूरा किया है। विद्यालय की ओर से बोर्ड परीक्षा, खूलकूद आदि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विजय गुनसोला, पूर्व अध्यक्ष मुकेश रतूड़ी, मनोज नेगी, सुशील तिवारी, जयवीर रांगड़, मान सिंह बिष्ट, दाताराम जुयाल मौजूद थे।