बालगंगा महाविद्यालय में शुल्क बढ़ोत्तरी के विरोध में प्रदर्शन करती छात्राएं।
- फोटो : NEW TEHRI
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के शुल्क वृद्धि के विरोध में बालगंगा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कक्षाएं बंद कर प्रदर्शन किया। उन्होंने विवि प्रशासन पर शिक्षा का निजीकरण करने का आरोप लगाया। शुल्क वृद्धि का फैसला वापस न लेेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। छात्र संघ पदाधिकारियों की ओर से इस संबंध में कुलपति को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
छात्रसंघ अध्यक्ष अंजली चौहान के नेतृत्व में छात्राओं ने कॉलेज बंद कराकर गढ़वाल विवि की ओर से की गई शुल्क का विरोध किया। कहा विवि प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना के एक साथ 1300 रुपये शुल्क वृद्धि कर दी है। कहा महाविद्यालय में अध्ययनरत अधिकांश ऐसे छात्र-छात्राएं हैं, जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है।
शुल्क वृद्धि का फैसला वापस लेने की मांग को लेकर छात्रसंघ पदाधिकारियों की ओर से प्राचार्य के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन प्रेषित किया गया। कहा पर्वतीय क्षेत्र के महाविद्यालयों में निर्धन वर्ग के छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। शुल्क वृद्धि से अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाएगा। छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए शुल्क वृद्धि तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की गई। इस मौके पर विवि प्रतिनिधि पूजा बिष्ट, सुभाष पैन्यूली, उर्मिला नेगी, सिमरन खंडूड़ी, पूनम बिष्ट, सविता पंवार, गुुरुचरण, सतेंद्र, विकास पैन्यूली आदि उपस्थित रहे।