चंबा/ पौड़ी/ श्रीनगर। गढ़वाल केंद्रीय विवि में छात्रसंघ चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। 11 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही परिसर में छात्र राजनीति की सरगर्मियां तेज हो गई।
चंबा के स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल में छात्रसंघ चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई। 11 सितंबर को विवि परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही परिसर में छात्र राजनीति की सरगर्मियां तेज हो गई।
परिसर निदेशक प्रो. एए बौडाई की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक समिति की बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. केके वर्मा ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार कराई जाएगी। 2 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक प्रत्याशियों के नामांकन होंगे।
3 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापस लेने के लिए 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों के नामों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। छात्र संघ चुनाव के लिए 11 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद उसी दिन
नव निर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने बाद परिसर में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और विवि प्रतिनिधि पद के संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है।
पौड़ी। गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर में इस शिक्षा सत्र के लिए छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। परिसर निदेशक प्रो. यूसी गैरोला व सीईओ प्रो. पीयूष सिन्हा ने बताया कि प्रत्याशी चुनाव प्रचार में अधिकतम पांच हजार तक की धनराशि खर्च करेंगे और चुनाव घोषणा के दो सप्ताह के भीतर प्रचार प्रसार का ब्योरा देना होगा। चुनाव प्रक्रिया लिंगदोह समिति की संस्तुतियों और छात्रसंघ गठन संबंधी नियमों के आधार पर ही संपन्न किए जाएंगे।