नई टिहरी। संचार क्रांति के युग में कुखुई के लोग मोबाइल का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। गांव में लगा मोबाइल टावर लंबे समय से शोपीस बना है। गांव में नेटवर्क की समस्या होने के कारण वीबी-जीरामजी के श्रमिकों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
नरेंद्रनगर ब्लॉक का सीमांत गांव कुखुई दिऊली कई समस्याओं से जूझ रहा है। प्रधान सोहन सिंह रावत ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या होने पर शासन-प्रशासन में लगातार पत्राचार करने पर एक साल पहले कुखुई गांव में मोबाइल टावर लगाया गया था।
टावर से सिग्नल गायब होने पर बीएसएनएल को सूचना दी गई थी लेकिन सालभर होने को है अभी तक व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया है।परेशान क्षेत्र के लोगों ने मोबाइल टावर को सक्रिय करने की मांग की है। डीएम नितिका खंडेलवाल ने बीएसएनएल को मोबाइल टावर जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए हैं। संवाद