एनसीसी, बस सेवा शुरू करने की उठाई मांग, प्रदर्शन किया
सूचना पर पहुंचा प्रशासन, एसडीएम ने 12 तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में एनसीसी शुरू करने, छात्रों के लिए बस सेवा शुरू करने समेत कई मांगें पूरा न होने पर एबीवीपी से जुड़े छात्र नेता बुधवार को महाविद्यालय की छत पर चढ़ गए और प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्रों को नीचे वार्ता के लिए बुलाया लेकिन छात्र नहीं माने। प्रशासन ने उन्हें किसी तरह वार्ता के लिए नीचे बुलाया। एसडीएम ने उन्हें 12 सितंबर तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बुधवार सुबह लगभग 10.30 बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े कई छात्र नेता काॅलेज की छत पर चढ़ गए और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में पढ़ रहे चंबा, कोटीकालोनी और भागीरथीपुरम के छात्र-छात्राओं के लिए बस सेवा शुरू करने और काॅलेज में एनसीसी शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे पहले भी कई बार काॅलेज में कैंटीन सुविधा प्रदान करने और काॅलेज में स्थित मुक्त विवि (ओपन यूनिवर्सिटी) का परीक्षा केंद्र बंद करने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन दो बार का आश्वासन मिलने के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं। कहा कि काॅलेज में मुक्त विवि का परीक्षा केंद्र होने के कारण छात्र काॅलेज में प्रवेश लेने के बजाए मुक्त विवि में प्रवेश ले रहे हैं। ऐसे में काॅलेज में छात्र संख्या घटती जा रही है। अपराह्न करीब एक बजे पुलिस और एसडीएम संदीप कुमार काॅलेज में पहुंचे और उन्हें वार्ता के लिए बुलाया लेकिन छात्र वार्ता के लिए तैयार नहीं हुए। किसी तरह छात्र वार्ता के लिए तैयार हुए और छत से नीचे आए। एसडीएम ने 12 सितंबर तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर छात्र नेता मान गए। प्रदर्शन करने वालों में छात्र नेता राहुल बुटोला, महासचिव सौरभ पंवार, युवराज शाह, सचिन सजवाण, अभिराज, आदित्य, अनिल, दीप्ति बोरा, दिव्या, श्रुति और सौरव शामिल थे।
एबीवीपी का उच्च शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन
चिन्यालीसौड़। राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में पीजी कक्षाएं शुरू करने, एनसीसी शुरू करने तथा नई शिक्षा नीति के तहत किताबें उपलब्ध कराने सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर एबीवीपी का धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान आंदोलित छात्र-छात्राओं ने उच्च शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। उन्होंने शीघ्र मांगों पर कार्रवाई की मांग की। जिला संयोजक व छात्रसंघ अध्यक्ष राजन महंत के नेतृत्व में छात्रों ने तहसीलदार के माध्यम सरकार को ज्ञापन भेजा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन करने वालों में नगर मंत्री जतिन, रोहित, जितेंद्र चौहान, युवराज चौहान, अभिषेक, संध्या बडोनी, स्नेहा, अमन, मिहिका कोटियाल आदि मौजूद रहे। संवाद