भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने टिहरी बांध की तृतीय चरण की (पंप स्टोरेज प्लांट) के निर्माण में लगी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी पर बाहरी राज्य के लोगों को रोजगार देने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों को काम देने की मांग को लेकर धरना दिया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर जल्द स्थानीय लोगों को रोजगार न मिलने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
सोमवार को एबीवीपी के थिंक इंडिया के प्रमुख एवं भाजपा युवा मोर्चा के अक्षत पवन बिजल्वाण के नेतृत्व कार्यकर्ता ने खांडखाला में स्थित हिंदुस्तान कंपनी के गेट पर सांकेतिक धरना देकर स्थानीय बेरोजगारों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का प्राविधान किया है, लेकिन कंपनी हिमाचल से लेकर अन्य बाहरी लोगों को रोजगार दे रही है। युवाओं ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि टिहरी बांध के निर्माण के लिए लोगों ने अपनी पुश्तैनी भूमि और भवन झील में डूबा दिए हैं। ऐसे में बांध प्रभावित लोगों को रोजगार दिया जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर हिंदुस्तान कंपनी समेत अन्य संस्थानों में युवाओं को रोजगार देने की मांग की। इस मौके पर पालिका सभासद पवन शाह, प्रमोद, विपिन, कुलवीर, अमन शाह, अमित रावत, सुमित आदि मौजूद थे।