श्रीदेव सुमन विवि की अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं 24 अगस्त से होंगी। साथ ही वार्षिक मोड के छात्रों की परीक्षाएं भी कराई जाएंगी। वहीं विवि ने यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। विवि का दावा है कि परीक्षा समाप्त होने के एक माह में सभी रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।
श्रीदेव सुमन विवि में राज्य सरकार ने इस सत्र से सेमेस्टर सिस्टम खत्म कर वार्षिक परीक्षा प्रणाली को लागू किया था। परीक्षाओं को लेकर विवि ने पिछले दिनों परीक्षा समिति की बैठक में साफ कर दिया था कि वार्षिक मोड के छात्र-छात्राओं को परीक्षा देनी अनिवार्य होगी, लेकिन कोविड-19 के कारण परीक्षा तिथि निर्धारण नहीं हो पाया था। अब यूजीसी से परीक्षा कराने को लेकर हरी झंडी मिलने पर विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने 24 अगस्त से यूजी और पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं के साथ ही वार्षिक मोड की परीक्षाएं कराने के निर्णय को राज्य सरकार के सामने रखा, जिस पर राज्य सरकार ने अपनी सहमति दे दी है। परीक्षाओं में छात्रों के बीच दो गज की दूरी का पालन करवाने के लिए इस बार विवि को परीक्षा केंद्रों की संख्या में इजाफा करना होगा। इसके लिए विवि के परीक्षा विभाग ने परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा नियंत्रक डा. आरएस चौहान ने बताया कि परीक्षार्थियों की संख्या के हिसाब परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।
कोट
यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार 24 अगस्त से होने वाली परीक्षाओं के लिए तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। परीक्षा समाप्ति के एक माह में रिजल्ट जारी करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। - डा. पीपी ध्यानी, कुलपति श्रीदेव सुमन विवि।