श्रीदेव सुमन विवि के अधिकारी और फ्लाईंग दस्ते ने मंगलवार को औचक निरीक्षण के दौरान तीन परीक्षा केंद्रों पर चार नकलची पकड़े। पिछले दस दिन में 25 नकलची पकड़े जा चुके हैं।
श्रीदेव सुमन विवि की यूजी और पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं गढ़वाल मंडल के सात जिलों के विभिन्न राजकीय और निजी संस्थानों में चल रही हैं। विवि के कुलपति ने परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए पहली बार फ्लाईंग टीम के साथ ही विशेष निरीक्षण दल भी गठित किए हैं। विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी और परीक्षा नियंत्रक डा. आरएस चौहान के साथ ही अन्य अधिकारी भी परीक्षा में नकल रोकने में जुटे हैं। मंगलवार को विवि के परीक्षा नियंत्रक ने विभिन्न कालेजों का औचक निरीक्षण किया, जबकि फ्लाईंग टीम नेे फेरूपुर डिग्री कालेज हरिद्वार में दो नकलची पकड़े। दूसरी टीम ने हरीश चंद्र रामकली डिग्री कालेज लक्सर और पीडीएसएस डिग्री कालेज लक्सर में एक-एक नकलची पकड़े गए। टीम ने विवि से पीडीएसएस डिग्री कालेज में व्यवस्थाएं ठीक न होने पर परीक्षा केंद्र को परिवर्तन करने की सिफारिश भी की है। वहीं, श्रीदेव सुमन विवि ने परीक्षाओं के संपन्न होने के साथ ही मूल्यांकन की भी तैयारी भी शुरू कर दी है। इसके लिए विवि के ऋषिकेश परिसर में परीक्षाओं का केंद्रीय मूल्यांकन करने का निर्णय लिया है।