श्रीदेव सुमन विवि क्रीड़ा परिषद की बैठक में सत्र 2019-20 का खेल कैलेंडर जारी कर दिया गया है। विवि की अंतर महाविद्यालय की क्रीड़ा प्रतियोगिताएं 16 सितंबर से आयोजित की जाएगी। विवि ने योगा, फुटबाल, वॉलीबाल, टी-20 क्रिकेट, हॉकी, खो-खो, कबड्डी और रेसलिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए अलग-अलग कॉलेजों को जिम्मेदारी सौंपी है। अंतर महाविद्यालय की क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का खर्चा संबंधित कॉलेजों को स्वयं वहन करना होगा। नार्थ जोन की प्रतियोगिता के लिए विवि खिलाड़ियों, कोच और टीम प्रभारी को मानदेय देगा।
बुधवार को बादशाहीथौल स्थित श्रीदेव सुमन विवि में कुलपति डा.यूएस रावत की अध्यक्षता में क्रीड़ा परिषद की बैठक आयोजित की गई। विवि से संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों और निजी संस्थानों के निदेशकों से क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित करने का सुझाव मांगा गया। बैठक में सर्व सम्मति से योगा की प्रतियोगिता विवि के ऋषिकेश कैंपस में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वॉलीबाल परुष वर्ग की प्रतियोगिता विवि के गोपेश्वर कैंपस और महिला वर्ग की ओंकारानंद इंस्टीट्यूट ऋषिकेश में होगी। महिला वर्ग की फुटबाल प्रतियोगिता पीजी कॉलेज कोटद्वार और पुरुष वर्ग की जसपाल राणा शिक्षण संस्थान देहरादून, हॉकी महिला वर्ग की प्रतियोगिता उत्तरकाशी और परुष वर्ग की कोटद्वार में आयोजित की जाएगी। टीटी की प्रतियोगिता पीजी कॉलेज नई टिहरी आयोजित करेगा। रेसलिंग और कबड्डी की प्रतियोगिताओं की मेजवानी विद्या विकास वासनी हरिद्वार करेगा। जबकि एथलेटिक्स की सभी स्पद्र्धाएं विवि के कैंपस ऋषिकेश में होगी। विवि के क्रीड़ा अधिकारी डा.हेमंत बिष्ट ने संबधित कॉलेजों को नार्थ जोन खेल कैलेंडर के अनुसार ही विवि की क्रीड़ा प्रतियोगिताएं संपन्न कराने को कहा। बैठक में कुलसचिव दिनेश चंद्रा, सहायक परीक्षा नियंत्रक डा.बीएल आर्य, प्रो.एमएस नेगी, डा.कुलदीप नेगी, डा.अरविंद पैन्यूली, डा.अवतार नेगी, डा.प्रशांत नौटियाल, डा.पूरन पैन्यूली, आलोक उनियाल आदि उपस्थित रहे।