प्रशिक्षण में प्रदेशभर से 61 शिक्षकों ने किया था प्रतिभाग
नई टिहरी। जिले के 16 व्यायाम शिक्षक कबड्डी के स्टेट रेफरी बने हैं। उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन की ओर से जारी परिणाम में चयनित शिक्षकों के नाम घोषित किए गए हैं। स्टेट रेफरी कोर्स के लिए एसोसिएशन की ओर से पांच से सात सितंबर 2025 तक प्रेम नगर आश्रम हरिद्वार में विशेष प्रशिक्षण शुरू किया गया था जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से कबड्डी में रुचि रखने वाले 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं और पूर्व खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
कबड्डी की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए अच्छे ऑफिशियल तैयार करने और कबड्डी खेल के नियमों की सही जानकारी खिलाड़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरिद्वार में कार्यशाला आयोजित की गई थी। शिक्षकों को कबड्डी रेफरी का प्रशिक्षण कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के टेक्निकल डायरेक्टर जगदीश्वर यादव और इंटरनेशनल टेक्निकल ऑफिसर राणा रणजीत सिंह द्वारा दिया गया।
प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों का लिखित, मौखिक और प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित की गई। एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया टेक्निकल डायरेक्टर जगदीश्वर यादव, उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी, उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव चेतन जोशी, उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के टेक्निकल अध्यक्ष मनोज नेगी ने बताया कि 22 जनवरी 2026 को परीक्षा का परिणाम जारी किया है।
टिहरी कबड्डी एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी कमलनयन रतूड़ी ने बताया कि परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद टिहरी जिले के 16 शिक्षक कबड्डी के स्टेट रेफरी चुने गए हैं। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मेजर सिंह, कोषाध्यक्ष दिनेश कैंतुरा और विमल डबराल ने उनके चयन पर खुशी व्यक्त की है।