डॉक्टरों की तैनाती और अल्ट्रासाउंड शुरू करने की मांग को लेकर बैठे थे धरने पर
थत्यूड़ (टिहरी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में गायनोलॉजिस्ट की तैनाती और अल्ट्रसाउंड शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस युवा मोर्चा के साथ जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे। एसीएमओ डॉ़ बृजेश डोभाल के लिखित आश्वासन पर उन्होंने धरना स्थगित कर दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता अमित बडियारी, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख महिपाल सिंह रावत ने कहा कि सीएचसी में लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद रिक्त चल रहे हैं। अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से गर्भवती महिलाओं और मरीजों को 35 किमी दूर मसूरी जाना पड़ता है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से सीएचसी में मानकों अनुरूप डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग कर रहें हैं लेकिन नियुक्ति नहीं हो पा रही है। अस्पताल में मानकों के अनुरूप सफाई कर्मी न होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
धरने पर बैठे लोगों से वार्ता के लिए एसीएमओ डाॅ. डोभाल वार्ता के लिए पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीजी की पढ़ाई करने के गए डॉक्टरों के लौटने के बाद प्राथमिकता से सीएचसी में डॉक्टरों की नियुक्ति कर दी जाएगी। जब तक स्थायी रूप से डॉक्टरों की तैनाती नहीं हो जाती है तब तक माह में दो दिन जिला अस्पताल से विशेषज्ञ डॉक्टरों को सीएचसी थत्यूड़ में सेवाएं देने के लिए भेजा जाएगा। साथ ही दो सप्ताह के भीतर सफाई कर्मी की नियुक्ति की जाएगी। इस मौके पर सदस्य क्षेत्र पंचायत अनीश कुमार, निधि बडियारी, लक्ष्मी नौटियाल, दिनेश रावत, अनिल बंधानी, बचन सिंह पंवार, मुकेश कुमार, चेतन प्रसाद नौटियाल, राम प्रकाश चमोली, विजय गुसाईं आदि मौजूद रहे।