एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में च्वाइस बेस क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) पाठ्यक्रम पर आयोजित कार्यशाला में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश ले रहे छात्र-छात्राओं को नए पाठ्यक्रम और विषय चयन की जानकारी दी गई। बताया गया कि छात्रों को किसी प्रकार की दिक्कत होने पर वह प्रवेश समिति से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बादशाहीथौल परिसर में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के समापन पर परिसर निदेशक प्रो. आरसी रमोला ने बताया कि बीए और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के छात्रों को अपने चयनित विषयों के अतिरिक्त सामान्य अंग्रेजी एवं पर्यावरण विषय भी अनिवार्य रूप से पढ़ना होगा, जबकि बीएससी प्रथम सेमेस्टर के छात्र चयनित विषयों के अतिरिक्त सामान्य हिंदी व सामान्य अंग्रेजी में से कोई एक विषय चुन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रथम सेमेस्टर के किसी छात्र-छात्रा को विषय चयन करने में अब भी किसी प्रकार की दिक्कत होती है, तो वह प्रवेश समिति से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुनीता गोदियाल ने कहा कि सभी छात्र परिसर में अनुशासन बनाए रखें।
इस मौके पर प्रो. बीएस बिष्ट, प्रो. सुमन बिष्ट, प्रो. एनके अग्रवाल, प्रो एके पांडेय, डा. जेडीएस नेगी, डा. गीताली पडियार, डा. बीना जोशी, डा. अर्चना शाह, डा. केएस रमेाला, डा. एबी थपलियाल, राकेश कोठारी, विवि प्रतिनिधि संदीप नेगी आदि मौजूद थे।