वर्षों से चली आ रही जाजल-शिवपुरी मोटर मार्ग निर्माण की मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। लोनिवि नरेंद्रनगर ने मोटर मार्ग का निर्माण शुरू कर दिया है। लोनिवि ने 23 किमी लंबी सड़क का पहले चरण का कार्य छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। मार्ग बनने से स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों के लिए सफर सरल एवं सुगम होगा। साथ ही जाजल से ऋषिकेश का सफर 10 से 12 किमी कम हो जाएगा।
करीब दो साल पहले जाजल-शिवपुरी मोटर मार्ग की घोषणा की गई थी, लेकिन वन भूमि एवं बजट नहीं मिलने के कारण निर्माण शुरू नहीं हो पाया था। हाला ही में सरकार ने मार्ग निर्माण के लिए 14 करोड़ जारी किए हैं। लोनिवि ने पैसा मिलते ही पहले चरण में शिवपुरी से काम प्रारंभ कर दिया है, जबकि सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही भूमि का मुआवजा वितरण के बाद जाजल से भी काम शुरू किया जाएगा। सड़क के संवेदनशील स्थानों को सरल बनाने के लिए करीब आधा दर्जन पुल भी बनाए जाएंगे। सड़क निर्माण से बेलका, डंडो, टाइगल्ला, कटिया, वमाणी, आछरी सेरा, यमसेरा, बगोली सहित डेढ़ दर्जन गांव के दो हजार आबादी सड़क से जुड़ जाएगी। साथ ही ऋषिकेश से बाईपास मोटर मार्ग का भी काम करेगा। चारधाम पर आने वाले तीर्थ यात्रियों को नरेंद्रनगर, आगराखाल होते नहीं जाना पड़ेगा। वहीं ऋषिकेश, देहरादून, हरिद्वार जाने वाले जिलेवासियों को जाजल से ऋषिकेश तक की दूरी 10 से 12 किमी कम तय करनी पड़ेगी। बारिश के दिनों में चंबा-ऋषिकेश हाईवे कई स्थानों पर बंद हो जाता है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानियां उठानी पड़ती है। वर्तमान में जाजल से ऋषिकेश की दूरी 45 किमी है, जबकि शिवपुरी से ऋषिकेश करीब 10 किमी है।
कोट
शिवपुरी-ऋषिकेश मोटर मार्ग से क्षेत्र के दर्जनों गांव के लोगों के साथ ही यात्रियों के लिए भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक होगा। लोनिवि को जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष मार्ग पर आवाजाही शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा।
-सुबोध उनियाल, विधायक नरेंद्रनगर।
सड़क का निर्माण शुरू कर दिया है। पहले चरण में शिवपुरी से काम शुरू किया गया है। काश्तकारों को मुआवजा वितरण के बाद जाजल से भी काम शुरू करवाया जाएगा।
-मो. आरीफ, ईई लोनिवि नरेंद्रनगर।