सिद्धपीठ सेम नागराजा मुखेम में इस वर्ष 25 और 26 नवंबर को होने वाले मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए मेला समिति ने तैैयारियां शुरू कर दी हैं।
मेले में इस वर्ष पारंपरिक वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन और देव डोलियों की झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण इस मौके पर जागरों की प्रस्तुति देंगे। सेम नागराजा मुखेम मंदिर के सौंदर्यीकरण, रास्तों, और ट्राली निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने 11 करोड़ स्वीकृत किए हैं।
मेला समिति के सदस्य और कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश राणा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मेले के शुभांरभ अवसर पर मुख्यमंत्री हरीश रावत को न्यौता देने के लिए प्रतिनिधिमंडल राजधानी जा रहा है। इसके साथ ही पर्यटन मंत्री दिनेश धनै और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी मेले में शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से सेम मुखेम मंदिर सौंदर्यीकरण, रास्ते, सीढ़ियां और ट्राली निर्माण के लिए 11 करोड़ की राशि मिल चुकी हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने बताया कि शनिवार को पंडित जवाहर लाल नेहरू की 125 वीं जंयती जिला मुख्यालय कांग्रेस कार्यालय और सभी ब्लॉक इकाइयों में धूमधाम से मनाई जाएगी। पूर्वाह्न 11 बजे से पुष्पा कार्यक्रम के उपरांत विचार गोष्ठी की जाएगी।