भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में 46 छात्रों ने किया प्रतिभाग
नरेंद्रनगर/ थत्यूड़। देव संस्कृति विवि और अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से आयोजित संस्कृत ज्ञान परीक्षा संपन्न हो गई। नरेंद्रनगर महाविद्यालय में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में 46 छात्रों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा के जिला संयोजक डॉ. जितेंद्र कुमार नौटियाल ने बताया कि 100 प्रश्नों की इस बहुविकल्पीय परीक्षा में भारतीय संस्कृति से जुड़े नैतिक मूल्यों से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। दोपहर 12 से एक बजे तक चली परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। इस मौके पर डॉ. हरिश्चंद्र रतूड़ी, डॉ. नेतराम और मीडिया प्रभारी डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल आदि मौजूद थे।
उधर जौनपुर ब्लॉक में सकलाना के पुजार गांव इंटर कॉलेज में आयोजित संस्कृत ज्ञान परीक्षा में 12 स्कूलों के 500 से अधिक छात्रों ने प्रतिभाग किया। तहसील संयोजक महावीर सिंह धनोला ने बताया कि अखिल भारतीय संस्कृत ज्ञान परीक्षा शांतिकुंज हरिद्वार 2012 से निरंतर इस परीक्षा का आयोजन करता आ रहा है। इस मौके पर प्रधानाचार्य बीआर शर्मा, प्रधानाचार्य दौक राम अवतार, कमलेश सकलानी, अनीता उनियाल, अनिल हटवाल, रोहित, आयुष धनोला, कुलदीप चौधरी और बीपी सिंह आदि मौजूद थे। संवाद
सात-आठ अक्तूबर को देवप्रयाग में होगी जिलास्तरीय संस्कृत स्पर्धा
चंबा(टिहरी)। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् हरिद्वार की ओर से आयोजित अष्टादश संस्कृत महोत्सव की जिलास्तरीय संस्कृत स्पर्धा का आयोजन सात और आठ अक्तूबर पतंजलि गुरुकुलम् मूल्याग्राम देवप्रयाग में किया जाएगा। सात अक्तूबर को कनिष्ठ वर्ग और आठ अक्तूबर को वरिष्ठ वर्ग की विभिन्न संस्कृत स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। स्पर्धा के प्रथम चरण में 23 और 24 सितंबर को ब्लॉक स्तर पर हुई संस्कृत स्पर्धाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।टिहरी जिला संयोजक शैलेंद्र दत्त डोभाल और सह संयोजक डॉ. चंद्रशेखर नौटियाल ने बताया कि टिहरी जिले के नौ ब्लॉकों में 2483 छात्रों ने प्रतिभाग किया था उनमें से 648 छात्र जिलास्तरीय स्पर्धा के लिए चुने गए। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता 23 और 24 अक्तूबर को हरिद्वार में आयोजित राज्य स्तरीय संस्कृत स्पर्धा में प्रतिभाग करेंगे। संवाद