हेंवल घाटी खेल एवं सांस्कृतिक समिति की पहल पर हुआ आयोजन
चंबा (टिहरी)। हेंवल घाटी खेल एवं सांस्कृतिक समिति की पहल पर शहीद अजय रौतेला राजकीय इंटर कॉलेज जाजल के मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में आरआर पॉल एकेडमी देहरादून ने डायमंड क्लब रामपुर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
आरआर पॉल एकेडमी के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 15 ओवरों के निर्धारित खेल में 9 विकेट खोकर 89 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। रामपुर की टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। आयुष और सूरज ने 2-2 विकेट लिए। जबकि लवी, मुकेश, अमित और दीपक ने 1-1 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डायमंड क्लब रामपुर की टीम आरआर पॉल एकेडमी के स्पिनरों के आगे संघर्ष करती नजर आई।
पूरी टीम मात्र 59 रनों पर सिमट गई और टूर्नामेंट से बाहर हो गई। आरआर पॉल एकेडमी के गेंदबाजों में अयान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए। फरहान ने 3, शिवम ने 2 और संदीप ने 1 विकेट हासिल किया। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरिता रौतेला, शीशपाल रौतेला और जगवीर भंडारी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर समिति के संरक्षक शीशपाल सजवाण, सूचित रौतेला, संदीप पटोली, पंकज राणा, लकी रौतेला, सोनू रौतेला, अखिल कोठियाल मौजूद रहे। संवाद