नई टिहरी के व्यापारियों ने पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने के संबंध में की चर्चा
नई टिहरी। उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में नई टिहरी से चंबा सड़क का चौड़ीकरण करने, नई टिहरी बाजार में वाहन पार्किंग निर्माण, कोटीकॉलोनी से नई टिहरी तक रोपवे का निर्माण करने की मांग प्रमुखता से छाई रही। बैठक में निर्णय लिया गया कि व्यापार मंडल का प्रतिनिधि मंडल उक्त मांगों को लेकर जिलाधिकारी से मिलेगा।
सुमन पार्क में नई टिहरी व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष रावत और महामंत्री मनोज चमोली ने कहा कि नई टिहरी में पर्यटक और व्यापार की गतिविधियां बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। यात्रा सीजन में सभी वाहनों का संचालन चंबा से नई टिहरी होते हुए भागीरथीपुरम मार्ग से कराए जाने, नई टिहरी बाजार में वाहन पार्किंग का निर्माण, केंद्रीय विद्यालय के मैदान को सांस्कृतिक गतिविधियों के नियत किया जाए।
चंबा, खांडखाला आदि स्थानों पर प्रचार प्रसार होल्डिंग लगाए जाने, नई टिहरी बाजार के सभी शौचालयों में नियमित सफाई व्यवस्था, नई टिहरी में पेट्रोल पंप और अंग्रेजी शराब दुकान खोलने, नई टिहरी से भागीरथीपुरम व कोटीकॉलोनी के लिए नियमित बस सेवा शुरू किए जाने की मांग की गई। उक्त सभी मांगों का विस्तार से प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा जाएगा।
बैठक में कोषाध्यक्ष विक्रम चौहान, अब्दुल अतीक, मायाराम थपलियाल, स्वयंवर चौहान, विनोद डोभाल, विजय कठैत, विजय सिंह रावत, जयेंद्र पंवार, किशोरी बैलवाल, धनपाल पंवार, सुनील बिजल्वाण मौजूद थे।