नई टिहरी-घनसाली मार्ग पर टिपरी बैंड पर दुर्घटना होने से बाल-बाल बची परिवहन निगम की बस।
- फोटो : NEW TEHRI
ऋषिकेश से घनसाली जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस दूसरी बस को साइड देते समय टिपरी के पास नाली में जा घुसी, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि किसी यात्री को खरोंच तक नहीं आई। कई प्रयासों के बाद भी जब बस नाली से बाहर नहीं निकल पाई तो बस में सवार 20 सवारी दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गईं।
पीपलडाली चौकी प्रभारी मयंक त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार को अपराह्न करीब डेढ़ बजे रोडवेज की बस घनसाली जा रही थी। टिपरी के पास सामने से आ रही बस को साइड देते समय रोडवेज का टायर नाली में जा घुस गया था। बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि बस को निकालने के लिए ऋषिकेश से क्रेन मंगाई गई है।