नई टिहरी। नगर पालिका क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत के साथ डेंजर जोन को ठीक करने, ग्राम बेरनी के प्राथमिक स्कूल की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निर्माण कराए जाने सहित कई अन्य शिकायतों को लोगों ने जनता दरबार में रखा। सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दर्ज शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार में नगर पालिका वार्ड संख्या 8 की सभासद डॉ़ प्रीति पोखरियाल ने मुख्य डाकघर के पास सड़क पर बने डेंजर जोन को ठीक करने की मांग की। कहा कि सड़क खराब होने से वहां पर दोपहिया वाहन चालक कई बार दुर्घटना ग्रस्त हो गए है।
ग्राम बेरनी के मानेंद्र नेगी ने स्कूल की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने, ग्राम कांडा के कान सिंह पुंडीर ने पेयजल लाइन हेतु की गई खुदाई से घर की सुरक्षा दीवार ढहने से घर को खतरा होने की शिकायत करवाई। पाचरी के जेठ राम, सुरेंद्र दत्त, खिमानंद, रविंद्र दत्त ने माता-पिता की मृत्यु के बाद दाखिला खारिज न होने से आ रही परेशानियों के संबंध में शिकायत दर्ज करवाई।
बौराड़ी के मो़ शहजाद ने उनकी दुकान के पास बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन निर्माण किए जाने से सड़क संकरी होने की शिकायत की। नीलम मंमगाई ने राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी के आवास संख्या ई-3 पर उनके पडोसी द्वारा छत पर रखी पानी की टंकी के लीकेज होने से घर की दीवार खराब होने की शिकायत की। इसके साथ लोगों ने बिजली, मुआवजा, पेंशन, पेयजल सहित 21 शिकायतें दर्ज करवाई। इस मौके पर सीएमओ डॉ़ राम प्रकाश, एसडीएम कमलेश मेहता, डीडीओ मो़ असलम, डीईओ पूनम चौहान, एआरटीओ राजेंद्र बिटारिया आदि मौजूद रहे।