जखन्याली आपदा पीड़िता को नहीं मिली जमीन, डीएम से लगाई मदद की गुहार
प्रशासन डेढ़ साल से पीड़िता को घर बनान के लिए नहीं दे पाया जमीन
नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक में आपदा प्रभावित क्षेत्र के ग्राम पंचायत जखन्याली की आपदा पीड़ित जशोदा देवी मदद के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। विधायक से लेकर अधिकारियों को समस्या बताने के बाद भी पीड़िता को घर बनाने के लिए जमीन नहीं मिल पाई है। इससे वह परिवार के साथ आपदा से क्षतिग्रस्त घर में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर मदद की गुहार लगाई है।
नैलचामी पट्टी के ग्राम जखन्याली में जुलाई 2024 में बादल फटने से कई घर और दर्जनों नाली जमीन चौपट हो गई थी। गांव की जशोद देवी पत्नी स्व. कमलेश्वर नौटियाल का घर भी आपदा की चपेट में आ गया था। उस दौरान प्रशासन ने सुरक्षित जगह पर रहने के लिए उसे चार हजार रुपये प्रतिमाह किराया दिया था लेकिन तीन माह बाद किराया नहीं मिलने के कारण पीड़िता ने गांव में स्कूल के एक कमरे में शरण ली।
अब स्कूल प्रबंधन ने भी कमरा खाली करा दिया जिससे आपदा पीड़ित को फिर से आपदा से क्षतिग्रस्त मकान में शरण लेनी पड़ी है। घनसाली से कलेक्ट्रेट डीएम को ज्ञापन देने पहुंची जशोदा ने बताया कि एसडीएम कार्यालय और डीएम कार्यालय के चक्कर काटते थक चुकी हूं लेकिन कोई मदद करने को तैयार नहीं है। भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष जयवीर मियां ने बताया कि आपदा पीड़िता के पास एक छोटा घर बनाने के लिए भी जमीन नहीं बची है। तहसील प्रशासन ने जहां जमीन बताई है। वहां मकान बनाना आसान नहीं है। महिला ने डीएम को दिए ज्ञापन में शीघ्र ही मकान बनाने के लिए किसी सुरक्षित जगह पर जमीन देने की गुहार लगाई है।